Share

कुशीनगर . कुशीनगर के हाटा विधानसभा क्षेत्र के झांगा बाजार में विजय रथ से पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महंगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को बेचकर देश को भी निजी हाथों में सौंपने की तैयारी कर रही है। महंगाई से आम लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। प्रदेश के किसान अपनी उपज बेचने के लिए मारे मारे फिर रहे है। न खाद मिल रही है और न ही किसानों को गन्ना का बकाया मूल्य ही मिल रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ दिनों पहने मोदी जी कुशीनगर में एयरपोर्ट का उद्घाटन करने नहीं, बल्कि उसे बेचने के लिए देखने आए थे।
तय समय से चार घंटे विलंब से शाम करीब चार बजे समाजवादी विजय रथ लेकर झांगा बाजार सभास्थल पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा पर ही हमलावर रहे। उन्होंने कांग्रेस और बसपा पर कुछ नहीं बोला। विजय रथ से ही अपने 40 मिनट के संबोधन में उन्होंने कहा कि भाजपा पूंजीपतियों की पार्टी है। भाजपा ने एयरपोर्ट, रेल सहित कई संस्थानों को निजी हाथों में बेचने का कार्य कर रही है।
कहा कि किसान धान बेचने के लिए खरीद केंद्रों का चक्कर लगा रहे हैं। गन्ने का करोड़ों रुपये का भुगतान बाकी है। डीजल, पेट्रोल, सरसों के तेल, रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं, लेकिन इससे सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। केंद्र सरकार अपने उद्योगपति मित्रों की जेब भरने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार जा रही है। समाजवादी सरकार एक बार फिर आ रही है। सीएम योगी ने पांच वर्षों तक केवल धुआं उड़ाया है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *