Share

नई दिल्ली/शामली। दिल्ली हिंसा के दौरान पुलिस पर बंदूक तानने वाले मोहम्मद शाहरुख को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खबर है कि शाहरुख को मंगलवार दोपहर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने उत्तर प्रदेश के शामली जिले से गिरफ्तार किया गया है। शाहरुख को दिल्ली मुख्यालय, आईटीओ में लाया गया है। दिल्ली लाने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी दी।
अजीत कुमार सिंगला, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने जानकारी दी है कि हम उस पिस्तौल को बरामद करने की कोशिश कर रहे हैं जो शाहरुख ने इस्तेमाल की थी। शाहरुख ने कहा कि उन्होंने गुस्से के बीच विरोध प्रदर्शन के दौरान गोलीबारी की। उनकी कोई आपराधिक पृष्ठभूमि नहीं है, लेकिन उनके पिता के पास उनके खिलाफ नशीले पदार्थों और नकली मुद्रा का मामला है। मामले में जांच जारी है।
अजीत कुमार सिंगला ने जानकारी दी कि शाहरुख पर आईपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 186 और 353 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जरूरत पड़ने पर जांच के दौरान और धाराएं जोड़ी जाएंगी। हम उसका अधिकतम संभव रिमांड हासिल करने की कोशिश करेंगे।
जानकारी के अनुसार जिस पिस्तौल से फायरिंग हुई वह मुंगेर में बनी थी जो सेमी ऑटोमेटेड थी। शाहरुख ने हिंसा में फायरिंग करने के बाद कनॉट प्लेस की पार्किंग में रात बिताई थी, फिर दिल्ली से पंजाब के जालंधर, इसके बाद बरेली और अंत में शामली पहुंचा। बताया जा रहा है कि शामली में शाहरुख के एक दोस्त ने छुपने में मदद की थी।
शाहरुख की गिरफ्तारी के बारे में स्थानीय पुलिस को भी किसी तरह की खबर नहीं थी। एसपी शामली विनीत जयसवाल का कहना है कि उन्हें भी टीवी चैनलों के माध्यम से यह जानकारी मिली, लेकिन जनपद से शाहरुख की गिरफ्तारी के संबंधित कोई भी जानकारी दिल्ली क्राइम ब्रांच ने उन्हें नहीं दी है। एसपी शामली के अनुसार उन्हें यह भी जानकारी मिल रही थी कि शाहरुख की बरेली में गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने एसएसपी बरेली से भी बात की, लेकिन वहां भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *