Share

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने जामिया नगर हिंसा मामले में शामिल 70 उपद्रवियों के फोटो जारी किए हैं। ये फोटो सीसीटीवी फुटेज से निकाले गए हैं, लेकिन अभी इनकी पहचान नहीं हुई है। इनके हाथों में पत्थर व डंडे नजर आ रहे हैं। अपराध शाखा की एसआईटी ने इनकी पहचान करने या इनके संबंध में सूचना देने वालों को उचित इनाम देने की घोषणा की है। सूचना देने वाले का नाम भी गुप्त रखा जाएगा।
सीएए व एनआरसी के विरोध में दिल्ली में हुए दंगों में दक्षिण-पूर्व जिले में तीन, मध्य जिले में एक और उत्तर-पूर्वी जिले में छह एफआईआर पुलिस ने दर्ज की हैं। इनमें अब तक 102 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दंगों की जांच अपराध शाखा की एसआईटी कर रही है। जामिया नगर हिंसा मामले में दो एफआईआर जामिया नगर थाने और एक न्यू फेंड्स कॉलोनी थाने में दर्ज है। इन तीनों केसों में 17 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एक आरोपी दोनों जगहों पर हिंसा में गिरफ्तार किया गया है।
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी अनिल मित्तल ने बताया कि एसआईटी ने बुधवार को जिन 70 संदिग्धों के फोटो जारी किए हैं, उनकी 15 दिसंबर को जामिया नगर व एनएफसी में हुए दंगों व उपद्रव में सक्रिय भूमिका रही है। एसआईटी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये आरोपी कहीं न कहीं सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए थे। फुटेज में इनके हाथों में पत्थर व डंडे नजर आ रहे हैं। कुछ आरोपी पत्थर व ईंट आदि फेंकते हुए नजर आ रहे हैं। स्थानीय पुलिस की मदद से इनकी पहचान के प्रयास किए गए, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *