Share

देहरादून। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने कैंप कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेते हुए राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को जनपद में स्थित सभी 125 प्रदूषण जांच केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करते हुए सत्यापन करने और वाहनों के फिटनेस, चालान, प्रदूषण प्रमाण पत्र इत्यादि का सम्पूर्ण विवरण हर माह प्रेषित करने को कहा है।
इसके अलावा बीएस मानकों का ठीक से अनुपालन करवाने, डीजल इत्यादि के 15 वर्षों से अधिक पुराने व्यवसायिक वाहनों के इस्तेमाल से संबंधित प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने प्रजेंटेशन के माध्यम से देहरादून और ऋषिकेश में वायु गुणवत्ता की वर्तमान स्थिति, पिछले कुछ माह से वायु में पीएम 2.5 व पीएम 10 के साथ ही अन्य मानकों में होने वाली बढ़ोतरी उसके स्रोत, कारक, पैरामीटर्स आदि से अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को वायु गुणवत्ता के संबंध में मॉनिटिरिंग मैकेनिज्म सुधार के लिए भारतीय पेट्रोलियम संस्थान से सहयोग लेने को कहा। वहीं खनन अधिकारी को खनन मटेरियल को किसी भी दशा में खुला न ले जाने, नगर निगम को कूड़े के निस्तारण वाहन में कूड़ा ढककर ले जाने तथा कहीं पर भी कूड़ा अथवा प्लास्टिक को जलाने को सख्ती से रोकने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम और लोक निमार्ण विभाग को सड़क गली इत्यादि में निमार्ण सामग्री यदि ढंप या बिखरा पड़ा होने की स्थिति में उसका चालान को भी कहा।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *