Share

एजेंसी न्यूज
हैदराबाद। हैदराबाद में पशु चिकित्सक के साथ हैवानियत करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। तेलंगाना पुलिस के अनुसार आरोपियों को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्ट करने के लिए ले जाया गया था। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उनपर गोलियां चला दीं। इस मुठभेड़ में चारों आरोपियों की मौके पर ही मौत हो गई।
साइबराबाद पुलिस कमिश्नर ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा- महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी आज सुबह मुठभेड़ में मारे गए। हत्या कर पीड़िता को जला दिया गया था। इस मामले में हमारे पास ठोस सबूत हैं।
साइबराबाद पुलिस कमिश्नर सज्जन्रार ने कहा कि 4 और 5 दिसंबर को हमने आरोपी को पुलिस हिरासत में लेने के बाद पूछताछ की थी। आज पुलिस ने जांच के दौरान क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्ट करने के लिए आरोपी को अपराध स्थल पर लाया। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस पर हमला किया और उनसे हथियार छीन लिए और उन्होंने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस ने उन्हें चेतावनी दी और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा लेकिन वे गोलियां चलाते रहे। फिर हमने गोलाबारी की और वे मुठभेड़ में सभी मारे गए। मुठभेड़ के दौरान पुलिस के दो जवान घायल हो गए हैं। उन्हें स्थानीय अस्पताल में भेज दिया गया है।
हमने आरोपी व्यक्तियों से दो हथियार भी जब्त किए हैं। आरोपियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया है। मुठभेड़ के समय आरोपी व्यक्तियों के साथ लगभग 10 पुलिस थे। हमने घटनास्थल से पीड़ित का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मैं केवल यह कह सकता हूं कि कानून ने अपना कर्तव्य निभाया है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *