तेंदुए ने सुरक्षा गार्ड पर किया हमला

169
Share

द्वाराहाट। लंबे समय से आतंक का पर्याय बने तेंदुए ने बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआइटी) पर तैनात सुरक्षाकर्मी को घायल कर दिया। सुरक्षा कर्मी ने भी हौसला दिखाते हुए पूरी शक्ति से तेंदुए पर हमला कर अपनी जान बचाई। तेंदुए के हमले से उसका बायां हाथ जख्मी हुआ है। शावकों के साथ तेंदुए के आतंक की शिकायत पूर्व में कई बार ग्रामीणों ने की थी। मगर विभाग द्वारा कोई सुध नहीं ली गई। जिस कारण लोगों में रोष व्याप्त है।
छतीना निवासी खीमानंद उपाध्याय पुत्र स्व. माधवानंद बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआइटी) में बतौर सुरक्षा कर्मी तैनात है। मंगलवार की सुबह वह ड्यूटी के लिए जा रहा था। गौचर स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक के पास रास्ते में बैठे तेंदुए ने उसपर हमला बोल दिया। हमले से खेत में गिर चुके खीमानंद पर तेंदुए ने फिर छलांग लगाई। बहादुर सुरक्षाकर्मी ने अपने पैरों से उस पर प्रहार कर शोर मचाया। जिस कारण पास में रहने वाले बालम सिंह तथा कैलाश बिष्ट मौके पर पहुंचे। उन्हें देख तेंदुए अपने शावक के साथ भाग गया। इसके बाद घायल खीमानंद को सीएचसी ले जाया गया। आवश्यक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY