देहरादून। फीस बढ़ोत्तरी को लेकर दून के चार बड़े संबद्ध कॉलेजों के छात्रों के बाद अब प्राचार्यो ने भी हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इससे साफ है कि आने वाले दिनों में गढ़वाल विवि व संबद्ध कॉलेजों के बीच टकराव और बढ़ेगा।
गढ़वाल विश्वविद्यालय की ओर से बढ़ाई गई फीस के विरोध में पिछले कई दिनों से चले आ रहे छात्रों के आदोलन के कारण दून के डीएवी, डीबीएस, एसजीआरआर पीजी कॉलेज व एमकेपी कॉलेजों का माहौल बिगड़ता जा रहा है। डीएवी कॉलेज में अभी तक आतरिक परीक्षाएं तक शुरू ही नहीं हुई हैं। दिसंबर में सेमेस्टर परीक्षाएं होनी हैं। छात्रों के बढ़ते दबाव व उग्र आंदोलन से चिंतित प्राचार्य परिषद की बैठक एसजीआरआर पीजी कॉलेज में हुई। इसमें सभी प्राचार्यो ने एक स्वर में बढ़ी हुई फीस का कड़ा विरोध किया। प्राचार्य परिषद के अध्यक्ष व एसजीआरआर पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. वीए बौड़ाई ने बताया कि गढ़वाल विवि में पूर्व में हुई बैठक में फीस वृद्धि का कोई भी प्रस्ताव पास नहीं करवाया गया। जिससे कि इस तरह बढ़ी हुई फीस को लागू किया जा सके।











