उत्तरकाशी। सीमांत जनपद उत्तरकाशी में जिला पंचायत की सीट कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी की झोली में गई। इस सीट के लिए भाजपा संगठन के एक धड़े के अलावा मुख्यमंत्री ने भी प्रयास किया था। उसके बाद भी भाजपा प्रत्याशी जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर हार गया। पंचायत चुनाव से पहले निकाय चुनाव में भी भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा था।
उत्तरकाशी जनपद में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा संगठन और भाजपा विधायकों की रणनीति काम नहीं कर पाई है। निर्दल प्रत्याशी के रूप में चंदन पंवार सालू भटवाड़ी सीट से जिला पंचायत सदस्य चुने गए। भाजपा से जिला पंचायत अध्यक्ष के तैयारी कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम डोभाल जिला पंचायत सदस्य का ही चुनाव नहीं जीत सके।
इसके अलावा जिपं सदस्यों के चुनाव में भाजपा के कई दिग्गज भी हारे हैं। इससे भाजपा से ताल्लुक रखने वाले चंदन पंवार को अध्यक्ष का प्रत्याशी घोषित किया गया। वहीं, निर्दल प्रत्याशी पवन पंवार को भाजपा ने उपाध्यक्ष पद के लिए समर्थन दिया। ये दोनों प्रत्याशी भी चुनाव हार गए।
छोटे चुनाव भाजपा की यह हार पहली नहीं है। इससे पहले प्रमुख, नगर पालिका व नगर पंचायत चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा। ब्लाक प्रमुख में नौगांव ब्लाक में यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत का भतीजा अरविंद रावत 10 वोटों से चुनाव हारे। भटवाड़ी ब्लाक में भाजपा प्रत्याशी विनीता रावत केवल अपने बूते पर चुनाव जीती।
बीते वर्ष नगर पालिका चुनाव में नगर पालिका बाड़ाहाट, नगर पालिका चिन्यालीसौड़, नगर पालिका नौगांव तथा नगर पंचायत पुरोला में भाजपा के प्रत्याशियों को करारी हार मिली थी। अभी तक भाजपा इस हार से उभर नहीं पाई कि पंचायत चुनावों में भी भाजपा को झटके लगे हैं।











