Share

देहरादून। केंद्रीय भूतल परिवहन राज्य मंत्री और पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल वीके सिंह ने कहा कि सीमांत इलाकों में बुनियादी ढांचे की मजबूती पर काम किया जा रहा है। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों को सड़कों से जोड़ने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में ऑल वेदर रोड के निर्माण पर पर्यावरणीय मानकों का अडंगा जरूर लगा, लेकिन अब काम रफ्तार पकड़ चुका है। वहीं सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा सैनिक हमारे लिए सदैव सर्वोपरी हैं। अगर हम सेना का सम्मान करते हैं तो देश का सम्मान करते हैं। जिस देश की सैन्य शक्ति मजबूत है, दुनिया उसे पूजती है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने उत्तराखंड के पांचवे धाम के रूप में सैन्य धाम का नाम लिया था। इसके लिए देहरादून नगर निगम ने जमीन दे दी है, जिस पर जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा।
उत्तराखंड की स्थापना की 19वीं वर्षगांठ पर सैन्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के पांचवें धाम के रूप में सैन्य धाम की बात कही थी। यह सैन्य धाम देहरादून में बनेगा। इसके लिए नगर निगम से 60 बीघा भूमि दे दी है। बजट की व्यवस्था भी कर दी गई है। वहीं, उन्होंने शहीद डिप्टी कमान्डेंट भगवती प्रसाद भट्ट की पत्नी स्वाती भट्ट को उत्तराखंड सरकार की ओर से नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों का सम्मान सबसे बढ़कर है। सेना का सम्मान करना, अपने देश का सम्मान करना है। उन्होंने कहा कि हमेशा शक्ति की ही पूजा होती है। जिस देश की सैन्य शक्ति मजबूत है, दुनिया उसे सम्मान देती है। बलि बकरे की दी जाती है, शेर की नहीं। लड़ाई शस्त्र और शास्त्र से जीती जाती है। सेना मजबूत होने से ही देश मजबूत रहेगा। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने पर उन्होंने कहा कि कश्मीर में इसकी वजह से बहुत सी समस्याएं थीं। पर अब कश्मीरी खुली हवा में सांस ले रहे हैं। आज कश्मीर विकास की ओर बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि ही बलिदान की रही है। आजादी से पहले और आजादी के बाद के तमाम युद्ध व ऑपरेशन में उत्तराखंडी वीरों ने अपने प्राणों की आहूति दी है। यह फख्र की बात है कि उत्तराखंडी देश की सुरक्षा से जुड़े कई अहम पदों पर हैं। यह हमारी सैन्य परम्परा का ही परिचायक है कि औसतन प्रदेश के हरेक परिवार से एक व्यक्ति फौज में है। कार्यक्रम में काबीना मंत्री सुबोध उनियाल, टिहरी की सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक हरबंस कपूर, गणेश जोशी, विनोद चमोली, पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी, डीजीपी लॉ एंड आर्डर अशोक कुमार, निदेशक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर (सेनि) केबी चंद समेत वर्तमान व पूर्व सैन्य अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *