Share

लखनऊ। भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या समेत पूरे प्रदेश में एक बार फिर पुलिस और खुफिया एजेंसियों की सरगर्मी बढ़ गई हैं। राम जन्मभूमि विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले की घड़ी जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे ही पुलिस ने भी प्रदेश में संवेदनशील स्थानों की नब्ज टटोलनी शुरू कर दी है।
अयोध्या में अर्धसैनिक बल, पीएसी व पुलिस की मुस्तैदी बढ़ाये जाने के साथ ही आइबी भी लगातार नजर बनाये हुए है। इंटेलीजेंस के अधिकारी रोजाना सुरक्षा के सभी बिंदुओं की समीक्षा कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों को सभी जिलों में धर्मगुरुओं व विभिन्न संगठनों के साथ बैठक कर शांति-व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। डीजीपी मुख्यालय स्तर से सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर की जा रही तैयारियों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। अयोध्या में करीब 47 कंपनी अर्धसैनिक बल व 15 कंपनी पीएसी तैनात की गई है। अतिरिक्त पुलिस बल भी मुस्तैद किया गया है।
अयोध्या के अलावा बलरामपुर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच समेत अन्य जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मिली-जुली आबादी वाले क्षेत्रों में सभी संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करने को कहा गया है, ताकि वहां अतिरिक्त पुलिस प्रबंध सुनिश्चित किए जा सकें।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *