Share

एजेंसीं न्यूज
अयोध्या। राम की नगरी अयोध्या में त्रेतायुग जैसी भव्य दिवाली मनाई जा रही है। इस मौके पर एक साथ 5.51 लाख दीप जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा। इस अवसर पर रामकथा पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के आने के बाद भारत के सांस्कृतिक सम्मान को विश्व में पुर्नस्थापित किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या में ऐसी दिवाली मनाने में 70 साल लग गए। पहले की सरकारें अयोध्या आने से डरती थीं लेकिन मैं पिछले ढाई साल में करीब डेढ दर्जन बार अयोध्या आ चुका हूं और जब भी आता हूं जनता के सहयोग से सैकड़ों करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण करता हूं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह रामराज का ही प्रताप है कि प्रदेश के तीन करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर दिए गए। चार करोड़ लोगों को बिजली के कनेक्शन दिए गए और देश के पचास करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज मुहैया करवाया गया है।
इसके पहले शाम चार बजे हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और सीता का रूप धरकर कलाकार रामकथा पार्क पहुंचे जहां राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित बड़ी संख्या में मौजूद अयोध्यावासियों ने उनका स्वागत किया और मंच पर गुरू वशिष्ठ के रूप में मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका राजतिलक किया। इस दौरान अयोध्या का माहौल जय श्री राम के नारों से गूंज उठा।
इस आयोजन में अवध विश्वविद्यालय समेत विभिन्न कॉलेजों के बच्चे राम की पैड़ी पर चार लाख दीप जलाएंगे। वहीं 14 मठ-मंदिरों को करीब डेढ़ लाख दीपों से रोशन करने की तैयारी है। व्यापारी और आमजन भी घरों से लेकर शहर के चैराहों तक दीप जलाएंगे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *