Share

देहरादून। आपूर्ति विभाग के गोदामों को पुराने कांटों से निजात मिलने जा रही है। अब प्रदेश के सभी गोदामों में राशन का वजन करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन लगाई जाएगी। इससे राशन की घटतौली पर भी अंकुश लगेगा। शासन ने सभी जिलों के आपूर्ति विभाग से ई-वेट मशीनों की डिमांड की है। विदित हो कि इससे पहले शासन ने ट्रांसपोर्ट नगर गोदाम में ई-वेट मशीन लगाई थी, जिससे अच्छे परिणाम सामने आए थे।
आपूर्ति विभाग के गोदामों में अब तक पुराने तरीके से ही राशन तौल कर सस्ता-गल्ला विक्रेताओं को दिया जाता है। इस पुराने तरीके के चलते अक्सर राशन डीलरों की ओर से घटतौली की शिकायत मिलती है। इस घटतौली पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने सरकारी राशन के गोदामों में इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन लगाने की पहल की थी। राजधानी के एक गोदाम में ई-वेट मशीन लगाई थी। जिससे वहां पर काफी हद तक घटतौली में अंकुश लगा था।
इस मशीन के सार्थक परिणाम देखते हुए अब शासन प्रदेश के प्रत्येक गोदाम में ई-वेट मशीन लगाने जा रहा है। इस संबंध में जिला आपूर्ति अधिकारी जसवंत सिंह कंडारी ने बताया कि शासन ने प्रदेश के सभी आपूर्ति विभागों से ई-वेट मशीन की डिमांड मांगी गई थी। विभाग ने जनपद के सभी गोदामों की डिमांड भेज दी है। उन्होंने बताया कि ई-वेट मशीन लगने से राशन तोलने में आसानी होगी। साथ ही घटतौली पर भी अंकुश लगेगा। इस फैसले का सस्ता-गल्ला विक्रेता एसोसिएशन ने भी स्वागत किया है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *