Share

देहरादून-मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से सोमवार को देवप्रयाग के विधायक श्री विनोद कण्डारी के नेतृत्व में क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों के एक शिष्टमंडल ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने  जन प्रतिनिधियों को आस्वस्त किया कि देवप्रयाग में शीघ्र ही रोजगार परक एक बड़ा नया संस्थान खोला जायेगा।
मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमण्डल द्वारा अनुरोध किया गया कि देवप्रयाग में ही एन.सी.सी अकादमी की स्थापना की जाय। उनका कहना था कि पूर्व में इसका शिलान्यास भी किया गया था। इस पर मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि पूर्व में देवप्रयाग में जिस स्थान पर एन.सी.सी अकादमी का शिलान्यास किया गया था, वह पूर्ववर्ती सरकार का हवा हवाई फैसला था। बिना बजट एवं अन्य अवस्थापना सुविधाओं को देखे ही यह शिलान्यास हुआ था।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि हमारा उद्देश्य ठोस प्राविधान के साथ ही किसी संस्थान की स्थापना करना है। पौड़ी में जिस स्थान पर राष्ट्रीय एन.सी.सी अकादमी खोलने की संस्तुति प्रदान की गई है, वहां पर पर्याप्त जमीन उपलब्ध होने के साथ ही खेल का मैदान, पेयजल की उपलब्धता व अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके लिए बजट का भी प्राविधान कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि जनहित से जुड़े जो भी कार्य हों वे हवा हवाई नहीं, बल्कि जमीन से जुड़े हों। मुख्यमंत्री ने जन प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि देवप्रयाग में शीघ्र ही रोजगार परक  एक बड़ा नया संस्थान खोला जायेगा। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन पर सभी ने सन्तोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्री ओम प्रकाश एवं विभिन्न क्षेत्रीय जन प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *