Share

नयी टिहरी, 26 मई- ऋषिकेश—बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बगवान के पास एक जीप और एक बस में भीषण टक्कर हो गयी जिसमें तीन व्यक्तियों की मौत हो गयी तथा 16 अन्य घायल हो गये ।

टिहरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि रूद्रप्रयाग से आ रही जीप एक वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से आ रही बस से टकरा गयी । उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और उसमें बैठे सभी यात्री घायल हो गये ।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को श्रीनगर के बेस अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार के दौरान सोनी नौटियाल :25:, विजय लाल :38: तथा एक अन्य ने दम तोड़ दिया जिसकी पहचान अभी नहीं हो पायी है ।

दुर्घटना में चार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है ।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दुर्घटना में मारे गये व्यक्तियों के लिये दुख व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को धैर्य रखने एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से कामना की है।

उन्होंने घायलों के समुचित स्वास्थ्य उपचार के लिये जिला प्रशासन को निर्देश दिये हैं ।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *