Share

एजेंसी न्यूज
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह छह दिसंबर को अयोध्या जा रहे हैं। इस दिन राम मंदिर निर्माण के संदर्भ में वे देश को खुशखबरी देंगे। उन्होंने योग गुरु बाबा देव के एक दिन पूर्व राममंदिर निर्माण के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जब योग गुरु ने कह दिया है तो ये अवश्य ही होगा।
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर विश्व में कोई देश परम तत्व की खोज कर सकता है तो वो सिर्फ भारत कर सकता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गति के जिस सिद्धांत को भास्कराचार्य ने सालों पहले बता दिया था, उसे चुराकर न्यूटन का सिद्धांत बना दिया गया और हम यही पढ़ते रहे।
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ में आयोजित ज्ञान कुंभ के समापन सत्र में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड सरकार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। सीएम योगी ने कहा कि कुंभ एक ऐसी देन है जिससे पूरे विश्व को एकात्म और अध्यात्म का संदेश दिया गया है। योगी बोले, भारत के सांस्कृतिक इतिहास के मनीषियों ने विद्या धन को सबसे कीमती और सुरक्षित माना है, लेकिन इसे बाद के वर्षों में भुला दिया गया।
वहीं, यूपी में अपराध के मुद्दे पर सीएम बोले कि प्रदेश में अपराध को नियंत्रित किया गया है और संगठित अपराध की कमर तोड़ दी गई है, लेकिन अब भी चुनौतियां कम नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि ये चुनौतियां आपसी विवाद और परिवारवाद हैं। गंगा सफाई के मुद्दे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार गंगा सफाई के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तर प्रदेश में 15 दिसंबर से गंगा में एक भी गंदा नाला नहीं जाएगा।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *