Share

एजेंसी न्यूज
नई दिल्ली। अगर आपके फोन पर किसी अंजान नंबर से मैसेज आए, तो सावधान हो जाइए। ये मैसेज आपकी जान के लिए खतरा हो सकता है। ब्लू व्हेल गेम चैलेंज के बाद इन दिनों सोशल मीडिया पर एक और सुसाइड गेम श्मोमो चैलेंजश् वायरल हो रहा है। भारत में अब तक इस चैलेंज के चक्कर में 3 लोगों की मौत हो चुकी है। कई राज्यों की पुलिस ने इस चैलेंज के लिए एडवाइजरी जारी की है। पश्चिम बंगाल सीआइडी ने सार्वजनिक नोटिस जारी करके लोगों को सलाह दी कि अगर उन्हें मोमो चैलेंज गेम खेलने का निमंत्रण मिलता है तो वह पुलिस से संपर्क करें।
तीन की मौत
मोमो चैलेंज की वजह से भारत में अब तक तीन लोगों ने सुसाइड कर लिया है। पश्चिम बंगाल में मनीष सर्की (18) और अदिती गोयल (26) ने आत्महत्या कर ली। अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी, कुर्सेओंग और पश्चिम मिदनापुर जिले से सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। इसके अलावा इस हफ्ते एक मामला कोलकाता से भी सामने आया है। जिसके बाद बंगाल में इस गेम को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
इन्कार करने पर जान से मारने की धमकी
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के एक छोटे व्यवसायी ने आरोप लगाया कि जानलेवा मोमो चैलेंज खेलने से इन्कार करने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। दर्ज कराई अपनी शिकायत में अब्दुल कुद्दस ने कहा है कि उन्हें व्हाट्सएप के जरिये एक अनजान नंबर से ऑनलाइन गेम में भाग लेने का निमंत्रण मिला। इसमें उनके बैंक खाते का विवरण भी था। उन्होंने निमंत्रण नहीं स्वीकारा।
पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
दो लोगों की मौत से सतर्क पश्चिम बंगाल सरकार अब इस खतरे से निपटने के लिए ऐहतियाती कदम उठा रही है। बंगाल सीआइडी ने इसको लेकर एडवाइजरी जारी की है। इससे पहले भी उत्तर प्रदेश पुलिस और मुंबई पुलिस भी एडवाइजरी जारी कर चुकी हैं।
क्या है मोमो चैलेंज
इस जानलेवा गेम की शुरुआत एक वाट्सएप रिक्वेस्ट से होती है। मोमो गेम वाट्सएप का एक कॉटेक्ट नंबर है, जो वाट्सएप पर ही शेयर किया जा रहा है। नंबर को शेयर और एड करने के बाद एक डरावने चेहरे वाली एक लड़की की तस्वीर सामने आती है। इस ऑनलाइन खेल का लिंक वाट्सएप के जरिए सबसे ज्यादा शेयर किया जा रहा है। गेम में आपको लगातार फोन पर अलग-अलग तरह के टास्क दिए जाते हैं, जिन्हें यूजर को पूरा करना होता है। इसमें कई तरह के टास्क को पूरा करते हुए आखिरी में आत्महत्या का टास्क भी मिलता है।
इस गेम में एक फोटो का उपयोग होता है जिसमें एक लड़की दिखाई देती है जिसकी बड़ी-बड़ी आंखें हैं जो बाहर निकली हुई दिखाई देती है। इसका चेहरा बेहद ही डरावना है, यही इसकी पहचान है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मोमो जापानी कलाकार द्वारा बनाई गई श्मदर बर्डश् की मूर्ति के अलावा कुछ भी नहीं है और टोक्यो में वेनिला डरावनी कला गैलरी में प्रदर्शित है।
अर्जेंटीना से हुई शुरुआत, जापान से जुड़ा लिंक
मोमो चैलेंज की शुरुआत अर्जेंटीना से बताई जा रही है। वहीं पर इसने सबसे पहले अपना शिकार बनाया था। गूगल पर अगर मोमो चैलेंज को सर्च किया जाए तो एक पक्षी की फोटो मिलेगी, जिसका मुंह एक महिला का है जो अजीब सा है। ऑनलाइन गेम्स के जानकारों का कहना है कि इस चित्र को लगाने के पीछे इस चैलेंज को बनाने वाले का मनोविज्ञान क्या है इसके बारे में अभी कुछ ठोस नहीं कहा जा सकता। हां इस बात की जानकारी जरूर है कि यह चित्र टोकियो के वनीला आर्ट गैलरी में रखा गया है, जिसे जापान निवासी मिडोरी हयासी ने मजाक-मजाक में बनाया था। गेमिंग इंडस्ट्री से जुड़े मिलिंद का कहना है कि किसी भी अंजान नंबर से वाट्सएप चैट नहीं करना चाहिए। वहीं ऑनलाइन मिलने वाले लिंक को नहीं खोलना चाहिए।
कैसे हुई शुरुआत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अर्जेंटीना में पिछले महीने एक 12 साल की बच्ची ने सुसाइड कर लिया था। सुसाइड करने से पहले उसने अपने मोबाइल फोन में अपना एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। पुलिस को शक है कि उसे ऐसा करने के लिए उकसाया गया है और एक 18 साल के युवक की तलाश की जा रही है जो उस बच्ची के संपर्क में था। पुलिस का कहना है कि उस युवक की तलाश के लिए बच्ची के मोबाइल को हैक किया गया है और दोनों के बीच जो भी चैट हुई है, उसे निकाला जा रहा है। पुलिस का मानना है कि मोमो चैलेंज को पूरा करने के लिए बच्ची को अपना सुसाइड वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने को कहा गया होगा।
यूजर को इस प्रकार से मिलता है चैलेंज- -यूजर को अज्ञात नंबर मिलता है जिसे सेव कर वह हाय-हेलो का चैलेंज देता है। -उस अज्ञात नंबर पर बात करने का चैलेंज मिलता है। -बाद में नंबर से यूजर को भयानक व डरावनी तस्वीरें और विडियो क्लिप्स प्राप्त होते हैं। -यूजर को कुछ काम दिए जाते हैं जिन्हें पूरा नहीं करने पर उसे धमकी दी जाती है। -धमकी से डरकर यूजर खुदकुशी करने को भी मजबूर हो जाता है
ऐसे बचें मोमो चैलेंज गेम से- – अपने वाट्सएप या मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात नंबर पर बात न करें। न ही ऐसे नंबर को सेव करें। – वाट्सएप नंबर सिर्फ विश्वसनीय लोगों को ही दें। – यदि कोई आपको मोमो की फोटो भेजे या उससे संबंधित कोई काम करने को कहे तो नंबर को तुरंत ब्लॉक कर दें। कोई जवाब न दें। पुलिस को सूचित करें। – मोमो चैलेंज गेम खेलने वाले दोस्तों से दूर रहें। – माता-पिता बच्चों की देखरेख करते रहें कि वह इंटरनेट पर क्या कर रहे हैं। कोई संदिग्ध चीज पाए जाने पर बच्चों को तुरंत रोकें। – यदि आपके बच्चो में व्यवहारिक, मनोवैज्ञानिक, असामान्य बदलाव या दबाव दिखाई दे तो तुरंत कारण जानने की कोशिश करें। – बच्चों को इस तरह के खेल के खिलाफ सतर्क कर दें।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *