Share
देहरादून 17 जुलाई, 2018(सू.ब्यूरो)-देहरादून में सीबीएसई का ट्रेनिंग सेंटर खोला जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार 20 करोड़ रूपए की धनराशि भी स्वीकृत कर चुकी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में सेन्ट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंड्री एजुकेशन (सीबीएसई) के क्षेत्रीय निदेशक श्री रणवीर सिंह ने मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से भेंट की। मुख्यमंत्री ने देहरादून में सीबीएसई के ट्रेनिंग सेंटर हेतु भूमि आवंटन के लिए सहमति देते हुए जिलाधिकारी देहरादून को इस सम्बन्ध में शीघ्र प्रस्ताव बनाने क निर्देश दिए।
श्री रणवीर सिंह ने देहरादून में ट्रेनिंग सेंटर हेतु भूमि पर सहमति व सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय के लिए भूमि आवंटन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। ज्ञातव्य है कि सीबीएसई की क्षेत्रीय विंग द्वारा उत्तराखण्ड में 700 विद्यालयों तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 1100 विद्यालयों के कार्यों की देखरेख की जा रही है। क्षेत्रीय निदेशक श्री रणवीर सिंह ने कहा कि उत्तराखण्ड में सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय खुलने से सीबीएसई सम्बन्धित स्कूलों, छात्र-छात्राओं तथा आमजन को व्यापक लाभ पहुंचेगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय के लिए पूर्व में ही भूमि आवंटित की जा चुकी है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *