Share
देहरादून 21 मई, 2018(सू.ब्यूरो)-मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सोमवार को श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने श्री केदारनाथ धाम में जिला चिकित्सालय रूद्रप्रयाग द्वारा संचालित होने वाले 10 बैड के अस्पताल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल के बनने से केदारनाथ में स्वास्थ्य सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा मार्गों की व्यवस्थाओं एवं श्री केदारनाथ में चल रहे पुनर्निमाण कार्यों के साथ ही मंदाकिनी नदी के किनारे घाट निर्माण कार्यों का जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा का यह महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि श्रद्ध़ालुओं की सुविधाओं के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखी जाये। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं के ठहरने एवं खाने की व्यवस्थाओं की भी जानकारी नियमित रूप से ली जाए। समय-समय पर दुकानों में रेट लिस्ट भी चैक की जाए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि इस बार चारधाम दर्शन हेतु रिकार्ड श्रद्धालु पहुंच रहे है। श्री केदारनाथ में अब तक 2.5 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके है। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचकर विधिवत पूजा अर्चना के साथ ही भगवान श्री बद्री विशाल के दर्शन किये। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बद्री विशाल से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन के लिए प्रार्थना की।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *