हुकूमत एक्सप्रेस
मुरादाबाद। अक्सर बड़े अधिकारियों की डांट के चलते निचले स्तर के कर्मचारी टेंशन में आ जाते हैं और बात दिल पर ले लेते हैं। ऐसा ही कुछ गुरूवार शाम असालतपुरा क्षेत्र में देखने को मिला जब सख्त मिजाज एक्सईएन की डांट से डिप्रेशन में आकर मीटर रीडर गश खाकर गिर पड़ा। मीटर रीडर को बिजली स्टाफ ने निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया।
असालतपुरा के बेगम वाली मस्जिद क्षेत्र में गुरूवार शाम मीटर रीडर अलीम मिर्जा रीडिंग कर बिल निकाल रहे थे। इसी दौरान अधिशासी अभियन्ता तृतीय ज्ञान प्रकाश असालतपुरा बिजलीघर की टीम के साथ वहां पहुंच गये और क्रास चेकिंग शुरू कर दी। गांधी नगर स्थित डा0 पंकज गुप्ता के नर्सिंग होम में भर्ती मीटर रीडर अलीम मिर्जा ने बताया कि अधिशासी अभियन्ता ने उन्हें डांटना शुरू कर दिया जिससे उन्हें आघात पहुंचा और वह बेहोश होकर गिर पड़े। उनका कहना था कि क्षेत्र में जो दुकानो के मीटर हैं वह कमर्शियल में आते हैं वह घरेलू कनेक्शन पर कैसे लग गये इस पर मीटर रीडर ने कहा कि इसका जवाब तो जेई साहब ही दे सकते है। बस इसी बात पर अधिशासी अभियन्ता बिखर गये और कहा कि तुझे जेल भेजा जायेगा और तुझसे इलाके की रिकवरी होगी। अलीम मिर्जा ने बताया कि वह गश खाकर गिर पड़ा इसके बाद जब होश आया तो अपने आपको अस्पताल में पाया। हालांकि इस संबंध में मीटर रीडर की ओर से अभी कोई किसी प्रकार की शिकायत कहीं नहीं की गयी है।
असालतपुरा क्षेत्र में इस तरह की घटना से हड़कम्प मच गया। बता दें कि डेढ़ माह पूर्व बिजलीघर के तत्कालीन जेई संतोष दिवाकर पर चेकिंग के दौरान अभद्रता का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने उन्हें हमला कर घायल कर दिया था तब भी क्षेत्र में हंगामा हुआ था। बहरहाल इस मामले में बिजली विभाग के कर्मचारी या अन्य अधिकारी कुछ भी बोलने से कतराते नजर आये। वहीं अधिशासी अभियन्ता ने फोन पर बताया कि ऐसा कुछ नहीं है उन्होनें अलीम मिर्जा को डांटा नहीं था सिर्फ जानकारी मांगी थी।
मीटर रीडर से कोई अभद्रता नहीं की गयी। वह तो मेरा प्रिय कर्मचारी है। सिर्फ क्षेत्र के कुछ मीटरों के बारे में जानकारी मांगी गयी थी और वह पता नहीं क्यूं घबरा गया। मैने अस्पताल जाकर उसे देखा।
-ज्ञान प्रकाश
अधिशासी अभियन्ता तृतीय











