Share

फर्रुखाबाद जिले की फर्रुखाबाद विधानसभा सीट यूपी की हॉट सीटों में से एक है। फर्रुखाबाद सीट से पिछले 2 चुनावों से BJP के मेजर सुनील दत्त द्विवेदी विधायक चुने जा रहे हैं। वह दिवंगत पूर्व कैबिनेट मंत्री और फर्रुखाबाद के विधायक रहे ब्रह्मदत्त द्विवेदी के बेटे हैं। विधानसभा चुनाव 2027 में फर्रुखाबाद सीट पर बीजेपी के पास जीत की हैट्रिक लगाने का मौका है। फर्रुखाबाद सीट पर 70, 80 और 90 के दशकों में ब्रह्मदत्त द्विवेदी और कांग्रेस के विमल प्रसाद तिवारी के बीच अदावत देखी गई। आमने-सामने के मुकाबले में ब्रह्मदत्त द्विवेदी 1977, 1985, 1991 और 1993 के चुनाव जीते, जबकि 1980 और 1989 के चुनावों में विमल प्रसाद तिवारी विजयी हुए। सपा को फर्रुखाबाद में 2007 में सिर्फ एक बार और BSP को उसी साल हुए उपचुनाव में 1 बार जीत मिली है। जानिए फर्रुखाबाद विधानसभा सीट का सियासी इतिहास क्या है और विधानसभा चुनाव 2027 में फर्रुखाबाद में क्या राजनीतिक समीकरण बनने वाले हैं।1991 के विधानसभा चुनाव की तो इस चुनाव में एक बार फिर से बीजेपी के ब्रह्मदत्त द्विवेदी ने कांग्रेस के विमल प्रसाद तिवारी को मात दे दी थी। ब्रह्मदत्त द्विवेदी को 26,550 वोट मिले थे, जबकि विमल प्रसाद तिवारी 18,065 मत ही हासिल कर पाए थे। ब्रह्मदत्त द्विवेदी ने यह चुनाव 8,485 वोटों से अपने नाम कर लिया था। इस चुनाव में जनता पार्टी के लाल बहादुर शाक्य 15,493 वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहे थे, जबकि जनता दल के राजकुमार सिंह भदौरिया को 15,369 वोट मिले थे और वह चौथे नंबर पर रहे थे।1993 में पूरे उत्तर प्रदेश में सपा और बीएसपी साथ मिलकर चुनाव लड़े थे। लेकिन इसके बावजूद फर्रुखाबाद में बीजेपी का जलवा ही कायम रहा था। बीजेपी के ब्रह्मदत्त द्विवेदी ने 43,935 वोट पाकर सपा के लाल बहादुर सिंह शाक्य को 4,369 वोटों के अंतर से हरा दिया था। इस चुनाव में लाल बहादुर सिंह शाक्य को 39,566 वोट मिले थे। कांग्रेस के विमल प्रसाद तिवारी इस चुनाव में तीसरे नंबर पर खिसक गए थे और 26,325 वोट ही पा सके थे।
1996 के चुनाव में एक बार फिर बीजेपी के ब्रह्मदत्त द्विवेदी और सपा के लाल बहादुर शाक्य का आमना-सामना हुआ। इस चुनाव में ब्रह्मदत्त द्विवेदी को जनता ने 50,810 वोट दिए थे, जबकि लाल बहादुर सिंह शाक्य की पारी 36,265 वोटों पर थम गई थी। ब्रह्मदत्त द्विवेदी ने यह चुनाव 14,545 वोटों के अंतर से लगातार तीसरी बार जीत लिया था। कांग्रेस ने इस बार विजय सिंह को प्रत्याशी बनाया था और वह 30,400 वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहे थे।
10 फरवरी 1997 को ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या कर दी गई और इसकी वजह से फर्रुखाबाद सीट खाली हो गई थी। 1997 में ही फर्रुखाबाद में उपचुनाव कराया गया था और इस चुनाव में बीजेपी ने दिवंगत ब्रह्मदत्त द्विवेदी की पत्नी प्रभा द्विवेदी को सियासी मैदान में उतारा था। इस चुनाव में मायावती की पार्टी BSP ने प्रभा देवी के खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारा था। साथ ही, प्रभा द्विवेदी का समर्थन भी किया था। इस उपचुनाव में प्रभा द्विवेदी को 71,154 वोट देकर जनता ने 19,211 वोटों के अंतर से विजयी बनाया था। वहीं, सपा के लाल बहादुर सिंह शाक्य को 51,943 वोटों से ही संतोष करना पड़ा था।
2002 में चुनाव हुआ तो फर्रुखाबाद में बाजी पलट गई थी। पिछला चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ने वाले विजय सिंह ने इस बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरा और इसके बावजूद चुनाव जीत गए। विजय सिंह ने 54,518 वोट हासिल करके बीजेपी की उम्मीदवार प्रभा द्विवेदी को 9,418 वोटों के अंतर से हरा दिया। प्रभा द्विवेदी 45,100 वोट ही हासिल कर सकीं थीं। BSP की तरफ से इस चुनाव में गिरीश चंद्र गुप्ता चुनावी मैदान में थे और वह 10,564 वोट पा सके थे। सपा के प्रत्याशी राजकुमार सिंह राठौर चौथे नंबर पर रहे थे और उन्हें 7,244 वोट मिले थे।2007 का चुनाव आया तो तत्कालीन विधायक विजय सिंह अबकी बार सपा के कैंडिडेट बन गए। इस बार भी जनता ने विजय सिंह को 46,080 वोट देकर जिता दिया। बीजेपी ने इस बार दिवंगत ब्रह्मदत्त द्विवेदी के बेटे मेजर सुनील दत्त द्विवेदी को टिकट दिया था, जो 35,514 वोट पाकर विजय सिंह से 10,566 वोटों के अंतर से हार गए थे।

By Admin