Share

लखनऊ. लखनऊ के विकासनगर क्षेत्र में सोमवार दोपहर टेढ़ी पुलिया सब्जी मंडी के सामने स्थित तीन मंजिला प्रभु प्लाजा में भीषण आग लग गई। जमघट के चलते मार्केट बंद थी। दोपहर करीब तीन बजे इमारत के ग्राउंड फ्लोर से धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग दूसरी मंजिल तक पहुंच गई। कुछ ही देर में आसमान में धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा। सूचना पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के मकानों को खाली कराया गया। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के साथ आसपास की दुकानों में रखे सामान को भी सुरक्षित बाहर निकलवाया। पुलिस ने मौके पर जुटी भीड़ को हटाकर यातायात सुचारू कराया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि इंदिरा नगर और अन्य फायर स्टेशनों से चार गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।वहीं, मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि ट्रांसफार्मर से मीटर तक जांच की गई, वहां कोई गड़बड़ी नहीं मिली। उनके मुताबिक, बिल्डिंग के अंदर शॉर्ट सर्किट से आग लगी। एहतियातन मार्केट की बिजली आपूर्ति काट दी गई है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

By Admin