Share

नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश में 1990 के राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर गोली चलाने के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के फैसले का समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद सनातन पांडेय की ओर से बचाव किए जाने पर सियासी घमासान छिड़ गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने सपा सांसद के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा सांसद तरुण चुघ ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी का ‘हिंदू विरोधी, सनातन विरोधी और राम विरोधी’ चेहरा भुलाया नहीं जा सकता। भाजपा नेताओं ने सपा नेतृत्व से इस बयान पर जवाब मांगा है और पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं।

सपा सांसद ने क्या कहा?
दरअसल, सपा सांसद सनातन पांडेय ने मुलायम सिंह यादव के फैसले का बचाव करते हुए कहा था कि कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश संविधान की रक्षा करने और देश में संभावित गृहयुद्ध को रोकने के लिए दिया गया था। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह पिछले तीन दशकों से अधिक समय से 1990 की घटना का राजनीतिक इस्तेमाल कर लोगों को गुमराह कर रही है।

सनातन पांडेय ने कहा कि 1991 से भाजपा लगातार मुलायम सिंह यादव की आलोचना करती रही है और दावा करती है कि उन्होंने रामभक्तों पर गोली चलाने का आदेश दिया था। भाजपा ने इस घटना के जरिए जनता को गुमराह किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि हाल ही में भाजपा के शासन में भी गोली चलाने की घटनाएं हुईं। उस समय राज्य और केंद्र में किसकी सरकार थी? पांडेय ने कहा, ‘अगर नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने भारत के संविधान की रक्षा के लिए गोली चलाने का आदेश दिया था, तो वह बिल्कुल सही कदम था।’

गोली नहीं चलती तो देश में होता गृहयुद्ध?
सपा सांसद ने दावा किया कि गोली चलाने के आदेश से देश में बड़े स्तर पर हिंसा फैलने से रोकी गई थी। उन्होंने कहा कि अगर गोली चलाने का आदेश नहीं दिया जाता, तो मस्जिद या मंदिर में से किसी एक को नुकसान पहुंच सकता था। इससे देश में गृहयुद्ध जैसी स्थिति पैदा हो सकती थी। उन्होंने दूसरे देशों में मंदिरों के विध्वंस का उदाहरण देते हुए कहा कि गोली चलाने का फैसला संविधान की रक्षा के लिए लिया गया था।

भाजपा सांसद ने क्या कहा?
सपा सांसद के बयान पर भाजपा सांसद तरुण चुघ ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कई पापों से देश अच्छी तरह वाकिफ है। पार्टी ने खुद छह दिसंबर 1992 और 30 अक्तूबर 1990 को राम मंदिर के मुद्दे पर अपनी और कांग्रेस की भूमिका स्वीकार की है। सांसद ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि अयोध्या की संकरी गलियां समाजवादी पार्टी के गुंडों के हाथों कारसेवकों के खून से लाल हो गई थीं। सरयू नदी शवों से पट गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के इन पापों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

By Admin