चमोली: पीएम मोदी की ‘मन की बात’ में छाईं माणा की 83 वर्षीय बुजुर्ग पूर्णिमा देवी, जनगणना को लेकर किया जिक्र

14
Share

गोपेश्वर (चमोली). प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में देश की जनगणना का जिक्र करते हुए उत्तराखंड के दुर्गम और बर्फीले क्षेत्रों में चल रहे जनगणना कार्य के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जनगणना की शुरुआत देश के प्रथम गांव माणा से हुई। यहां सबसे पहले 83 वर्षीय पूर्णिमा देवी की जनगणना की गई। प्रधानमंत्री ने जनगणना को हम सबका राष्ट्रीय दायित्व बताया।
सीमांत गांव माणा निवासी पूर्णिमा देवी उम्र के इस पड़ाव में भी स्वरोजगार से जुड़ी हैं। वह बदरीनाथ धाम की यात्रा के दौरान गांव के पांडव चौक के समीप दुकान लगाकर स्थानीय उत्पाद फरण, ग्रीन टी और ऊनी उत्पादों की बिक्री करती हैं। उनकी यह पहल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ ही स्वरोजगार की मिसाल भी पेश कर रही है। पूर्णिमा देवी के तीन बेटे हैं।
एक बेटा केदार सिंह रावत आईटीबीपी से सेवानिवृत्त होकर देहरादून में नौकरी कर रहे हैं। दूसरा बेटा नंदन सिंह ठेकेदारी और तीसरा बेटा कुमेर सिंह रावत एक ट्रेकिंग संस्था का संचालन करते हैं। ग्राम प्रधान धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि माणा गांव में बुजुर्ग महिलाएं भी स्वरोजगार से जुड़ी हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माणा को देश का प्रथम गांव घोषित किया था। उनकी प्रेरणा से गांव के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिली है।