25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया

8
Share

बहराइच में नानपारा पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया, जिसमें जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी।
उत्तर प्रदेश के बहराइच में यूपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है, जिसमें मटेरा थाना क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र झपटने की घटना में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस चेन स्नैचर को पकड़ने के लिए नानपारा पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने देर रात हुई मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार किया जिसमें एनकाउंटर की कार्रवाई के दौरान बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने इनामी बदमाश के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन के अलावा तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।इस मामले को लेकर पुलिस के अनुसार एक सितंबर को गंगोत्री पत्नी सुरेंद्र निवासी सुआगाड़ा, लखीमपुर से अपने फूफा के घर से वापस लौट रही थीं। गुलालपुरवा टोल प्लाजा के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। मामले में मटेरा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में दो संदिग्ध बदमाशों की पहचान हुई। दो-तीन सितंबर की रात स्वाट टीम और मटेरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी दौरान उसका साथी असलम उर्फ साहिल उर्फ सुहैल मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।चेन स्नैचर को पकड़ने के लिए पुलिस को तीन-चार सितंबर की रात सूचना मिली कि असलम चोरी की मोटरसाइकिल लेकर निबिया नहर पुलिया से रुपईडीहा रोड की ओर जा रहा है। इस सूचना के मिलने के बाद पुलिस ने चेकिंग शुरू की इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी जिसके जवाब में आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। पुलिस ने घायल बदमाश को हिरासत में लेकर उपचार के लिए सीएचसी नानपारा भेजा। इस मुठभेड़ के बाद एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया जिसमें पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।