हरेला पर्व पर विधायक आशा नौटियाल ने किया फलदार पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

16
Share

उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरणीय चेतना के प्रतीक हरेला पर्व के अवसर पर केदारनाथ विधानसभा की विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने आज जैबीरी-ऊखीमठ में फलदार पौधों का रोपण कर हरित उत्तराखंड के संकल्प को मजबूत किया।इस अवसर पर विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का जीवंत उत्सव है। उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत में प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन की परंपरा सदियों से रही है, जिसे हरेला पर्व नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जनभागीदारी को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान कर रहा है। यह अभियान लोगों को वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी प्रेरित कर रहा है।
विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छ वायु उपलब्ध कराने तथा भावी पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य देने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व हमें प्रकृति के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो उत्तराखंड को और अधिक हरित, स्वच्छ और समृद्ध बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य भारत भूषण भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्मवान, प्रभारी सतीश लखेड़ा, ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, जिला उद्यान अधिकारी राजेश जसोला, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।