PM मोदी ने 194 साल के सबसे पुराने जिंदा स्थलीय जीव को खिलाया खाना

9
Share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 194 साल के धरती के सबसे पुराने जिंदा स्थलीय जीव को अपने हाथों से खाना खिलाया। PM मोदी ने सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें भी शेयर की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने सेशेल्स दौरे के पहले दिन आज (शनिवार को) राजधानी विक्टोरिया के सेशेल्स नेशनल बॉटनिकल गार्डन गए। इस दौरान, PM मोदी ने दुनिया के सबसे उम्रदराज जीवित स्थलीय जीव माने जाने वाले कछुए जोनाथन को अपने हाथों से खाना दिया। करीब 194 साल की आयु वाले जोनाथन को विश्व का सबसे पुराना जिंदा स्थलीय जानवर माना जाता है।
PM मोदी ने बॉटनिकल गॉर्डन में लगाया पौधा
बॉटनिकल गार्डन की विजिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति हर्मिनी ने एक पौधा भी लगाया। इस दौरान, दोनों नेताओं ने बॉटनिकल गार्डन के कर्मचारियों से भी मुलाकात की। साथ ही, वहां मौजूद दुर्लभ वनस्पतियों और जीव-जंतुओं की सेफ्टी से जुड़ी जानकारी भी ली।
सेशेल्स में गर्मजोशी से हुआ PM मोदी का स्वागत
गौरतलब है कि PM मोदी शनिवार दोपहर को सेशेल्स पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी के साथ वेलकम हुआ था। सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी खुद कई कैबिनेट मंत्रियों के साथ एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने पहुंचे थे। भारत और सेशेल्स के सांस्कृतिक संबंधों की झलक भी स्वागत के कार्यक्रम में दिखाई दी। एयरपोर्ट पर गुजरात के कच्छ के इलाके का पारंपरिक लोकनृत्य पेश किया गया, जिसकी PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तारीफ की।
कच्छ के पारंपरिक नृत्य के साथ प्रधानमंत्री का वेलकम
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि सेशेल्स में उनका वेलकम कच्छ के पारंपरिक नृत्य से हुआ, जो दोनों देशों के सांस्कृतिक जुड़ाव को दिखाता है। इस दौरान उन्होंने भारतीय प्रवासी समुदाय की तारीफ भी की, जिसने भारत की सांस्कृतिक परंपराओं को विदेश की धरती पर भी जीवंत बनाए रखा हुआ है।
PM मोदी ने सेशेल्स को बताया अहम साझेदार
PM मोदी सेशेल्स पहुंचने के बाद एक अन्य पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी की तरफ से किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभारी हूं। सेशेल्स हिंद महासागर में एक अहम समुद्री साझेदार और करीबी दोस्त है। मुझे आशा है कि यह दौरा सफल रहेगा, जिससे दोनों देशों के लोगों के लाभ के लिए पुराने रिश्ते और मजबूत होंगे और सहयोग बढ़ेगा।
नेशनल डे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स में उनके नेशनल डे के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। यह कार्यक्रम 1976 में ब्रिटेन से आजादी मिलने के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।