मऊ के घोसी में नेशनल हाईवे पर दुर्घटना में महिला की मौत

9
Share

मऊ के घोसी में नेशनल हाईवे पर दुर्घटना में महिला की मौत से गुस्साए लोगों और पुलिस के बीच संघर्ष देखने को मिला। उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की और बाद में पुलिस भी उन्हें दौड़ाती व लाठियां भांजती नजर आई।
यूपी के मऊ जिले में एक सड़क दुर्घटना और उसमें महिला की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। दरअसल, घोसी थाना इलाके के पिडवल बाजार में चार पहिया वाहन की चपेट में आने से वाराणसी-गोरखपुर नेशनल हाईवे पर 1 महिला की जान चली गई थी। एक्सीडेंट की खबर फैलते ही लोकल लोगों में भारी गुस्सा फैल गया और उन्होंने महिला की बॉडी को सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया।हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोकल लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। लोगों ने मृतक महिला के परिवार को मुआवजा देने और दोषी ड्राइवर के खिलाफ सख्त एक्शन की डिमांड करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। फिर, देखते ही देखते वाराणसी-गोरखपुर नेशनल हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई और ट्रैफिक पूरी तरह से प्रभावित हो गया।खबर मिलने पर घोसी थाना इलाके की पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। हालांकि, प्रदर्शनकारी बहुत देर तक अपनी डिमांड्स पर अड़े रहे। इसी दौरान, ट्रैफिक जाम हटवाने को लेकर हालात और तनावपूर्ण हो गए। आरोप है कि इस दौरान, कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।इस घटना के सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिखाई दे रहा है कि नेशनल हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ है। उसमें वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में उपद्रवियों के हंगामे और तनावपूर्ण माहौल की झलक भी दिखाई दे रही है। लोग, पुलिस पर पत्थरबाजी करते और भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।इसके बाद पुलिस अफसरों ने हालात को कंट्रोल में करने के लिए एडिशनल फोर्स बुलाई। फिर, काफी मशक्कत के बाद ट्रैफिक जाम को हटवाया गया और यातायात सामान्य हुआ। फिलहाल, मऊ पुलिस ने पूरे मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन और उसके ड्राइवर की पहचान की जा रही है। साथ ही, पत्थरबाजी करने वालों को भी पकड़ने का अभियान शुरू हो चुका है। एक वीडियो में पुलिस, उपद्रवियों पर लाठी भांजती भी नजर आ रही है।