गैस की कथित किल्लत की खबरों के बीच जांच टीम ने मुरादाबाद में गैस एजेंसी पर छापेमारी की

12
Share

एजेंसी मालिक बुकिंग और डिलीवरी की पर्चियां नहीं दिखा पाए, जिसके बाद एजेंसी को सील करने की कार्रवाई की गई। यूपी के मुरादाबाद में घरेलू गैस की किल्लत ना हो और कालाबाजारी रोकने के लिए जिलापूर्ति अधिकारी ने शुक्रवार देर रात में ही टीम को साथ लेकर गैस एजेंसी ऑफिस व गोदाम पर छापा मारा। जांच में कई कमियां पाए जाने पर गोदाम को सील कर दिया गया। ये मामला ठाकुरद्वारा की भारत पेट्रोलियम की भावना गैस सर्विस से जुड़ा है। मुरादाबाद की तहसील ठाकुरद्वारा में LPG गैस सिलेंडरों की हेराफेरी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसका संज्ञान लेते हुए जिलापूर्ति अधिकारी ने विभागीय टीम के साथ भारत पेट्रोलियम की भावना गैस सर्विस नाम की एजेंसी पर रात में ही छापा मारा।एजेंसी के ऑफिस में जांच पड़ताल करने के बाद टीम गैस गोदाम पर पहुंची थी। टीम को जांच में कई कमियां मिलीं, जिनका जबाव एजेंसी मालिक नहीं दे पाए। जांच टीम को एजेंसी मालिक गैस बुकिंग और सिलेंडर डिलीवरी की पूरी पर्चियां नहीं दिखा पाए और ना ही गोदाम में रखे सिलेंडरों का स्टॉक पूरा था, जिसका जबाव एजेंसी मालिक नहीं दे पाए। जिलापूर्ति अधिकारी अजय प्रताप के मुताबिक, छापेमारी के दौरान एजेंसी मालिक पिछले 3 दिन की गैस बुकिंग की पर्चियां पूरी नहीं दिखा पाए, उन्होंने सिर्फ आधी ही बुकिंग की पर्चियां दिखाईं। इसके अलावा गोदाम में स्टॉक के रूप में मौजूद 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर भी बड़ी संख्या में कम पाए गए, इसका भी एजेंसी मालिक के पास कोई जबाव नहीं था।DSO मुरादाबाद के अनुसार, गोदाम में लाइट की प्रॉपर व्यवस्था ना होने के चलते टीम गोदाम की जांच और सिलेंडरों की गिनती सही से नहीं कर पाई, लिहाजा गोदाम सील करने की कार्रवाई की गई। दिन में फिर से टीम आएगी और जांच की कार्रवाई पूरी करेगी। अगर एजेंसी स्वामी गैस बुकिंग की पर्चियों और गोदाम से गायब सिलेंडरों का हिसाब नहीं दे पाए तो कार्रवाई की जाएगी।