तेज रफ्तार Hayabusa बाइक ने डिलीवरी बॉय को मारी टक्कर, दोनों की हुई मौत; CCTV में कैद हुई घटना

63
Share

तेज रफ्तार Hayabusa बाइक ने डिलीवरी बॉय को मारी टक्कर, दोनों की हुई मौत; CCTV में कैद हुई घटना
मैसूर में तेज रफ्तार हायाबुसा बाइक ने एक डिलीवरी बॉय को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों के बीच हुई जोरदार टक्कर को देखा जा सकता है।
मैसूर: कर्नाटक के मैसूर में एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यहां एक हायाबुसा सवार शख्स ने डिलीवरी बॉय की बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद जहां डिलीवरी बॉय की मौके पर ही मौत हो गई, तो वहीं हायाबुसा स्पोर्ट्स बाइक में आग लग गई। इस हादसे में हायाबुसा सवार शख्स भी गंभी रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइकर्स के गुट अक्सर इस रोड पर रेसिंग करते हैं। इसके अलावा वह सोशल मीडिया के लिए रेसिंग का वीडियो भी बनाते हैं।
नेल्सन मंडेला रोड पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना देखने को मिला। यहां बाल भवन के पास एक तेज रफ्तार हायाबुसा स्पोर्ट्स बाइक ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों लोगों की मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद बाइक में आग लग गई, जिससे बाइक राख में बदल गई। मृतकों की पहचान चामराजनगर के के. पी. मोहल्ला निवासी सैयद शैरन उर्फ ​​शारा (30) के रूप में हुई है, जो हयाबुसा चला रहा था। इसके अलावा दूसरा मृतक बोगाडी का ड्यूटी-बाउंड फूड डिलीवरी एग्जीक्यूटिव एम. एस. कार्तिक (42) था।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, बाइकर्स के समूह अक्सर बन्नीमंटप और उसके आसपास और रिंग रोड पर लगभग रोजाना देर रात को रेसिंग करने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए वीडियो शूट करने के लिए इकट्ठा होते हैं। फूड डिलीवरी बॉय कार्तिक, मूल रूप से इट्टिगेगुड का रहने वाला था। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे, जब वह एक ग्राहक को खाना देने जा रहा था। इसी बीच उसकी बाइक को तेज रफ्तार से आ रही हायाबुसा ने टक्कर मार दी। घटना के बाद कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हायाबुसा सवार सैयद की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।