Share

चित्रकूट । जिले में लू व गर्मी से लगातार बीमार होने वालों की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को लू से चार व गर्मी से बीमार हुए छह लोगों की मौत हो गई।
लोढ़वारा गांव निवासी सुभाष द्विवेदी ने बताया कि उसके चाचा कमलेश उर्फ मुन्ना (56) सोमवार की दोपहर को खेत के पास टयूबवेल के लिए बिजली का खंभा लगवा रहे थे। बिजली कर्मचारियों के साथ वहीं बैठे थे। अचानक वहीं गिरकर बेहोश हो गए। जानकारी होते ही परिजन पहुंचे और उन्हें जिला अस्पताल लाये, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो चुकी थी। पत्नी सुशीला व चार पुत्रों को रो रोकर बुरा हाल है। भौंरी गांव के किरहापुरवा निवासी गायत्री देवी ने बताया कि उसके पति छविलाल यादव (47) सोमवार की सुबह बकरी चराने खेत की ओर गए थे। दोपहर तक वह घर नहीं लौटे तो खोजबीन की गई। एक सूनसान स्थान पर उन्हें बेहोश पाया गया। आननफानन उन्हें लेकर परिजन अस्पताल ला रहे थे लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। उनके एक पुत्र चार पुत्रियां हैं। दहिनी गांव के प्रधान देवनाथ ने बताया कि गया प्रसाद (60) सोमवार को भैंस चराने गये थे लेकिन शाम तक नहीं लौटे। परिजन ढूंढने पहुंचे तो एक स्थान पर बेहोश मिले अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने मृत होने की पुष्टि की। दो पुत्र हैं। मंगलवार को तीनों शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। भौरी गांव निवासी रोशनी ने बताया कि उसके पिता छविलाल यादव की लू लगने से मौत हो गई। सोमवार को पिता घर से बाजार करने के लिए निकले थे। इसी दौरान लू लगने से उनकी तबियत खराब हो गई। इसके बाद घर में उनकी मौत हो गई। थाना रैपुरा में जानकारी देने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गर्मी के चलते बुखार, पेटदर्द व उल्टी दस्त से पीड़ित छह मरीजों की मौत हो गई। सदर रोड कर्वी निवासी राजीव लखानी ने बताया कि दिनेश कुमार भोजवानी (42) को दो दिन से पेटदर्द व बुखार की शिकायत थी। सोमवार को उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रैपुरा के गुढउपुर निवासी गंगा प्रसाद (60) को तेज बुखार होने पर परिजन अस्पताल लाये। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। राजापुर के ओडकी निवासी रामनरेश ने बताया कि उसके पिता भइयालाल (80) की सोमवार को अचानक तबियत खराब हुई। पेटदर्द व उल्टी के बाद जिला अस्पताल लाये। इलाज के दौरान मौत हो गई। पहाड़ी के कुचारम निवासी विजय ने बताया कि उसके पिता देशराज (60) की बुखार व बदन दर्द होने पर जिला अस्पताल लाये। इलाज के दौरान मौत हो गई। पहाड़ी के इटौरा निवासी मसलुवा ने बताया कि उसके पिता भगवानदीन (80) की तीन दिन से बुखार के चलते तबियत खराब थी। सोमवार को अस्पताल लाते समय मौत हो गई। इसके अलावा कोलगदिहया निवासी रामनरेश (55) की उल्टी दस्त व पेटदर्द के चलते मौत हो गई।
——————-

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *