Share

वाराणसी । केंद्र में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जून यानी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आएंगे। तीसरी बार काशी से सांसद बनने के बाद पीएम मोदी का यह पहला काशी दौरा होगा। इस दौरान पीएम मोदी किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के मुताबिक, 18 जून को प्रधानमंत्री शाम 4:30 बजे वाराणसी पहुंचेंगे। इस दौरान पीएम मोदी मेहंदीगंज में 25 हजार किसानों के साथ संवाद करेंगे और किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त किसानों के लिए जारी करेंगे।

पीएम मोदी के दौरे को लेकर काशी के किसानों में खुशी की लहर है। किसानों का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी ने काशी के किसानों के लिए काफी कुछ किया है। पीएम निधि से हम लोगों को पैसे आ गए हैं और कुछ लोगों को कल प्रधानमंत्री अपने हाथों से देंगे।

अरुण सिंह नाम के एक किसान ने कहा कि हम किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त पाने जा रहे हैं। काशी के किसान पीएम मोदी के इस फैसले से काफी खुश हैं। तीसरी बार पीएम बनने के बाद नरेंद्र मोदी का यह पहला दौरा है। ऐसे में पीएम के स्वागत में हम लोग पलकें बिछाये बैठे हैं। पीएम की सभा में किसानों का जनसैलाब उमड़ने वाला है।

वहीं किसान के पेशे में लगे हुए जयप्रकाश का कहना है कि पीएम मोदी काशी के किसानों के बीच में आ रहे हैं, इससे किसानों में खुशी का माहौल है। मोदी सरकार में किसानों को कोई दिक्कत नहीं है। हर तरह की सुविधाएं मिल रही हैं। तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने के बाद वो पहली बार काशी आ रहे हैं। इस दौरान किसानों और कार्यकर्ताओं की ओर से भव्य स्वागत देखने को मिलेगा।

अधिवक्ता नित्यानंद राय का कहना है कि पीएम मोदी के काशी दौरे के दौरान किसानों को किसान सम्मान निधि की 17 वीं किस्त मिलने जा रही है। मोदी जी किसानों की आय दोगुनी करने की बात कहते रहे हैं। मैं मानता हूं कि सरकार इस पर ध्यान देगी। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनकी आय को बढ़ाने पर जोर देने की जरूरत है।

प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में इस बार लंबा वक्त गुजारने वाले हैं। वह मंगलवार शाम करीब साढ़े तीन बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेगे। पीएम मोदी एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा जनसभा स्थल के लिए रवाना होंगे। रास्ते में जगह-जगह भाजपा के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया जाएगा।

किसानों को सम्बोधित करने के बाद वह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। दर्शन पूजन करने के बाद वह दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती में शामिल होंगे। बरेका गेस्ट हाउस में पीएम मोदी रात्रि विश्राम करेंगे। पीएम मोदी के दौरे को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *