Share

यूपी: फिलिस्तीन के पक्ष में आपत्तिजनक पोस्ट करना पड़ा महंगा, हमीरपुर में 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, एक गिरफ्तार
यूपी के हमीरपुर में फिलिस्तीन के पक्ष में आपत्तिजनक पोस्ट करने पर 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और एक शख्स को गिरफ्तार भी किया गया है। गौरतलब है कि इजरायल और फिलिस्तीन के बीच गंभीर तनातनी चल रही है।
हमीरपुर: इजरायल और फिलिस्तीन के बीच संघर्ष जारी है। इस बीच यूपी के हमीरपुर जिले में फिलिस्तीन के पक्ष में आपत्तिजनक पोस्ट करना 2 लोगों को महंगा पड़ गया है। मौदहा कोतवाली क्षेत्र में फिलिस्तीन के पक्ष में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और एक को गिरफ्तार कर लिया है।
दरिया मोहल्ले के आतिफ चौधरी एवं चौधराना मोहल्ले के सुहेल अंसारी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में पिछले आठ अक्टूबर को फिलिस्तीन के समर्थन में एक पोस्ट किया था। उसने बताया कि कोतवाली में तैनात दरोगा रवि मेहता की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि कस्बे के हैदरिया मोहल्ला निवासी मौलाना आतिफ चौधरी द्वारा एक इंस्टाग्राम पर प्राइवेट अकाउंट बनाया गया। इस अकाउंट से आठ अक्टूबर की रात फिलिस्तीन के समर्थन में पोस्ट किया गया। पुलिस ने बताया कि 12 अक्टूबर को सुहेल अंसारी नामक युवक के व्हाट्सएप स्टेटस में भी इसी प्रकार के संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया।
तहरीर में कहा गया कि ऐसा कर कस्बे का धार्मिक, सामाजिक सौहार्द खराब करने की कोशिश की गई। दूसरे पक्ष के लोगों में भी आक्रोश व्याप्त हो गया है एवं शांति भंग होने की आशंका पैदा हो गई है। मौदहा के थानाध्यक्ष एस के सैनी ने बताया कि पुलिस ने इस प्रकरण में आतिफ चौधरी और सुहेल सिद्दीकी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि इनमें से एक आरोपी सुहैल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है ।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *