कांवड़ यात्रा को लेकर अधिकारियों ने की बैठक, दिए ये जरूरी निर्देश

171
Share

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में गृह विभाग के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद एवं पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने शनिवार को यहां कांवड़ यात्रा की तैयारियों के सम्बंध में प्रयागराज, कानपुर, झांसी एवं चित्रकूट मण्डल के उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिये।

प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने संबधित सभी जिलों के जिलाधिकारियों व पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिये और कहा कि कावंड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, कावंड़ियों व दर्शनार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाये। उन्होंने कहा कि घाटों एवं मार्गों पर साफ-सफाई एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाय। उन्होंने घाटों, मार्गों एवं शिव मंदिरों पर सीसीटीवी कैमरा लगाये जाने के साथ ही पीएस सिस्टम की भी व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिये।

उन्होंने घाटों पर गोताखोर एवं जल पुलिस की आवश्यकतानुसार व्यवस्था बनाये रखने के साथ मोबाइल शौचालय एवं प्रकाश की भी समुचित व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिये। उन्होंने घाटों पर गहरे जल की सीमा पर जल बैरिकेटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कावंड मार्गों को ठीक बनाये रखने के साथ ही साथ मार्गों के किनारे बने हुए नालों की सफाई कराये जाने के निर्देश दिए है।

LEAVE A REPLY