चंडीगढ़ 30 मई,(आरएनएस)। पंजाब सरकार बुधवार को कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की है लेकिन पता चला है कि दो विधायकों को कैबिनेट में जगह दी जा सकती है। राजभवन के सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री दफ्तर से कैबिनेट विस्तार के लिए राज्यपाल से समय की मांग की गई है।
इसके तहत दो नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा जबकि एक मंत्री से पद वापस लेने की तैयारी की जा रही है। हालांकि इसी बीच यह भी चर्चा चल रही है कि खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटा रूचक को भी हटाया जा सकता है।
इस समय 15 मंत्री है मौजूद
बुधवार को होने वाला चौथा कैबिनेट विस्तार होगा। इस समय कैबिनेट में मुख्यमंत्री को मिलाकर 15 मंत्री हैं जबकि कैबिनेट में 18 मंत्रियों को लिया जा सकता है। यानी अगर बुधवार को दो मंत्रियों को कैबिनेट में जगह दे दी जाती है और लाल चंद कटा रूचक को नहीं हटाया जाता है तो भी एक कैबिनेट में एक सीट बची रहेगी।
16 मार्च 2022 को सीएम ने ली थी शपथ
याद हो कि 16 मार्च 2022 को मुख्यमंत्री ने नवांशहर में शपथ ली थी और 22 मार्च को कैबिनेट का गठन करते हुए दस मंत्रियों को शपथ दिलाई। इसी बीच 24 मई को तब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को एक टेंडर में एक फीसदी कट मांगने के आरोप के चलते उन्हें बर्खास्त कर दिया गया।
कैबिनेट का दूसरा बड़ा विस्तार 4 जुलाई को किया गया था जब अमन अरोड़ा, इंद्रबीर निज्जर, फौजा सिंह सरारी, चेतन सिंह जौड़ा माजरा और अनमोल गगन मान को शपथ दिलाई गई थी।
फौजा सिंह सरारी ने दिया था इस्तीफा
सात जनवरी को बागवानी मंत्री फौजा सिंह सरारी ने इस्तीफा दे दिया है और उनकी जगह डॉ बलबीर सिंह को कैबिनेट में लिया गया। स्वास्थ्य विभाग जो कि विजय सिंगला को बर्खास्त करने के बाद चेतन सिंह जौड़ा माजरा को दे दिया था से वापस ले लिया क्योंकि बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के वीसी डॉ राज बहादुर के साथ दुर्व्यवहार के चलते सरकार की काफी बदनामी हुई। उनकी जगह डॉ बलबीर सिंह को स्वास्थ्य विभाग सौंपा गया।
बुधवार को चौथा विस्तार होगा जिसमें फिलहाल दो मंत्रियों को लिए जाने की सूचना है। अभी राजभवन की ओर से सरकार को समय नहीं दिया गया है।











