Share

देहरादून. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को उत्तरकाशी में हुए हिमस्खलन और पौड़ी में हुए बस हादसे को लेकर मुआवजे की घोषणा की है। उन्होंने मृतक आश्रितों को दो-दो लाख, गंभीर घायलों के लिए एक-एक लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने अधिकारियों को सहायता राशि प्रभावितों को तत्काल उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, सीएम धामी ने आज दशहरा के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार और उसकी सभी एजेंसियां भारत सरकार की सभी एजेंसियों के साथ 24 घंटे काम कर रही हैं, जिससे इन घटनाओं से सीधे तौर पर प्रभावित सभी लोगों को राहत मुहैया कराई जा सके। इस दौरान उन्होंने उत्तरकाशी में निम के नियंत्रण कक्ष जाकर भी स्थिति का जायजा लिया।

पौड़ी में घटनास्थल पहुंचे सीएम धामी
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना की सूचना मिलते ही मोर्चा संभाल लिया था। वे रात में ही राज्य सचिवालय स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे। उन्होंने वहां तैनात अधिकारियों से दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। वहीं, आज सुबह वे घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

सीएम ने वहां लोगों से मुलाकात की और जिला प्रशासन के अधिकारियों से दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। इस दौरान सीएम धामी को लोगों का विरोध भी झेलना पड़ा। लोगों ने क्षेत्र में बदहाल सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं पर नाराजगी जताई।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *