Share

कल्याणपुरी इलाके में बुधवार सरेशाम बीच बाजार एक युवक की उसकी पत्नी के सामने चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त सचिन उर्फ बाबा (25) के रूप में हुई है। पति को बचाने के लिए सचिन की पत्नी लोगों से मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन लोग तमाशबीन रहे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सचिन की पत्नी खुशी ही निजी वाहन से पति को नजदीकी एलबीएस अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
माना जा रहा है कि गैंगवार में वारदात को अंजाम दिया गया। सचिन पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे। वह एक गैंग से भी जुड़ा था। हालांकि, पुलिस अधिकारी गैंगवार की बात से इनकार कर रहे हैं। देर शाम पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। कल्याणपुरी थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
शादी की सालगिरह के लिए खरीदारी करने निकला था
पुलिस के मुताबिक सचिन अपने परिवार के साथ पांच-ब्लॉक, त्रिलोकपुरी इलाके में रहता था। सचिन की शादी की सालगिरह नजदीक थी। उसी सिलसिले में बुधवार शाम को यह अपनी पत्नी के साथ खरीदारी करने के लिए त्रिलोकपुरी 6-ब्लॉक आया था।
इस बीच दो बदमाशों ने सचिन को घेर लिया। पहले आरोपियों ने उस पर ईंट से हमला किया। बाद में चाकू निकालकर उस पर हमला करना शुरू कर दिया। खुशी ने पत्नी को बचाने का खूब प्रयास किया। आरोपियों ने सचिन पर एक दर्जन से अधिक चाकू के वार किए।
सचिन पर दर्ज थे कई मामले
पुलिस सूत्रों के अनुसार सचिन पर कई मामले दर्ज थे। वह एक गैंग से भी जुड़ा हुआ था। पिछले साल अप्रैल में सचिन और उसके दोस्त अभिमन्यु पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया था। हमले में अभिमन्यु की मौत हो गई थी जबकि सचिन बुरी तरह जख्मी हो गया था। उस केस में सचिन ही गवाह था। विरोधी गैंग सचिन से केस से देर रहने के लिए धमका रहा था। माना जा रहा है कि इसी वजह से उसकी हत्या की गई है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *