Share

लखनऊ. प्रदेश में मंगलवार को कोविड के 992 नए मरीज मिले हैं, जबकि 77 डिस्चार्ज हुए हैं। अब एक्टिव केस की संख्या 3173 हो गई है। प्रदेश में कोविड मरीजोंकी संख्या में तेजी से इजाफा हो गया है। बीते 24 घंटे के दौरान 166033 सैंपल की जांच की गई है, जिसमें 992 की रिपर्ट पॉजिटिव आई है। प्रदेश में अब तक कुल 93600940 सैंपल की जांच की गई है। इसी तरह 24 घंटे में 77 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं। प्रदेश में कोविड के 3173 एक्टिव केस हैं।

यहां- यहां मिले मरीज
गौतमबुद्ध नगर में 165, गाजियाबाद में 174, लखनऊ में 150, मेरठ में 102, आगरा में 24, वाराणसी में 32, मुरादाबाद में 38, प्रयागराज में 37, कानपुर नगर में 35, मथुरा में 13, सहारनपुर में 15, मुजफ्फरनहर में 15, बरेली में 14, अलीगढ़ में 12, बाराबंकी में 13, गोरखपुर में 11, संभव में 13, महराजगंज में दो, बुलंदशहर में नौ, अयोध्या में छह, अमरोहा में छह, शाहजहांपुर में तीन, बागपत में छह, देवरिया में आठ, हापुड़ में छह, आजमगढ़ में चार, औरैया में सात, बस्ती में छह, चंदौली में दो, फिरोजाबाद में छह, शामली में दो, बिजनौर में चार, रायबरेली में चार, हरदोई में दो, मिर्जापुर में तीन, गोंडा में दो, लखीमपुर खीरी में चार, सुल्तानपुर में छह, कौशांबी में तीन, सीतापुर में तीन, सिद्धार्थनगर में चार, जौनपुर में दो मरीज मिले हैं। इसी तरह आठ जिले में एक-एक मरीज मिले हैं।

झांसी-ललितपुर में कोरोना के 10 पॉजिटिव मिले
झांसी और ललितपुर में कोरोना वायरस के 10 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। लक्षण वाले मरीजों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।झांसी में लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। मंगलवार को जांच में सात नए मरीज सामने आए हैं। अब जिले में एक्टिव केस बढ़कर 25 पहुंच गए हैं। जबकि, ललितपुर में पति-पत्नी समेत तीन संक्रमित मिले हैं।

सात महीने बाद लखनऊ में एक दिन में सौ से अधिक मिले संक्रमित
लखनऊ में कोरोना फिर से बेकाबू होता दिखाई दे रहा है। मंगलवार को 146 नए मरीज मिले, जबकि सोमवार को इनकी संख्या 79 थी। नए मरीजों में आठ बच्चे हैं। पुरुषों की संख्या 86 और महिलाएं 60 हैं। मेदांता अस्पताल में सबसे ज्यादा केस मिले हैं। यहां एक डॉक्टर सहित 19 कर्मचारी पॉजिटिव मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग सभी मरीजों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग करवा रहा है। लखनऊ में कोरोना के ज्यादा केस कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में मिल रहे हैं। नए मरीजों में 30 लोग कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग वाले ही हैं। इसके अलावा 46 संक्रमितों की ट्रैवल हिस्ट्री मिली है। इनमें से छह अन्य राज्यों से आए हैं, जिसकी सूचना भेज दी गई है। वहीं, अस्पतालों में सर्जरी से पहले होने वाली कोविड जांच में आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। निजी लैब में जांच कराने वाले आठ पॉजिटिव निकले हैं। इसके अलावा हल्के लक्षण वाले 28 लोगों में भी संक्रमण पाया गया है। राहत की बात यह है कि इनमें से सभी होम आइसोलेशन में हैं।

28 मई को मिले थे इससे ज्यादा केस
लखनऊ में एक दिन में कोरोना के नए केस दोबारा तीन अंकों में पहुंचने में सात महीने का समय लगा। इससे पहले 30 मई 2021 को 109 और 28 मई को 172 मरीज मिले थे।

मेदांता में अब तक 36 संक्रमित
मेदांता अस्पताल लखनऊ के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि उनके यहां अब तक कुल 36 लोग संक्रमित मिले हैं। अस्पताल में 31 दिसंबर से आरटीपीसीआर और एंटीजन टेस्ट किए जा रहे हैं। पॉजिटिव निकले कर्मचारियों में साधारण लक्षण हैं। इसे देखते हुए सभी को होम आइसोलेशन का निर्देश दिया गया है। अस्पताल में परामर्श के लिए आने वाले मरीजों को तीन दिन के भीतर की निगेटिव आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट लानी होगी। वहीं, परामर्श के लिए पहले से समय लेना होगा। परिसर में सैनिटाइजेशन के साथ सभी की स्क्रीनिंग की जा रही है।

लविवि देखेगा विद्यार्थियों के वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र
लविवि प्रशासन ने एक बार फिर से सभी विभागों व सहयुक्त महाविद्यालयों को कोविड प्रोटोकॉल के अनुपालन का रिमाइंडर भेजा है। इसमें कहा गया कि विभाग/प्रशासन विद्यार्थियों के वैक्सीनेशन का प्रमाणपत्र देखेंगे और उनके टीकाकरण कराने की पुष्टि करेंगे। विद्यार्थियों को इसके लिए प्रेरित भी करेंगे। लखनऊ विश्वविद्यालय में कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं हो रहा था। ऐसे में रजिस्ट्रार डॉ. विनोद कुमार सिंह ने फिर एक पत्र जारी किया है। इसमें सभी छात्र-छात्राओं को मास्क पहनने के लिए प्रेरित करने और इसे सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया है। हालांकि ,मंगलवार को भी एलयू में व्यवस्था में बहुत बदलाव नहीं दिखा। बिना मास्क के घूम रहे विद्यार्थियों को टोका तक नहीं गया। विभागों में भी कोई व्यवस्था नहीं थी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *