उपाध्यक्ष पद पर दिनभर ऊहापोह, घोषित नहीं हुआ परिणाम

171
Share

देहरादून। हंगामे और विवाद के बीच शुक्रवार को बार एसोसिएशन चुनाव के परिणाम विधिवत घोषित कर दिए गए। हालांकि, उपाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य (महिला) के परिणाम को लेकर अभी भी ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। देर रात तक दोनों का परिणाम घोषित नहीं किया गया था। आज यानी शनिवार को इस पर निर्णय लिया जा सकता है। वहीं, हंगामे के बीच ही एसोसिएशन के नवनियुक्त अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ भी दिला दी गई।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर मनमोहन कंडवाल ने इस बार जीत की हैट्रिक पूरी की। वह सातवीं बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए हैं। उन्हें सर्वाधिक 1076 मत मिले। राजीव शर्मा 628 वोट के साथ दूसरे और रंजन सोलंकी 341 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे। एक वोट अमान्य रहा।
वहीं, सचिव पद पर जीत दर्ज करने वाले अनिल कुमार शर्मा को 791 वोट मिले। उनके प्रतिद्वंद्वी प्रकाश टी पाल को 522, जबकि अनिल पंडित को 393 मत मिले। संगठन सचिव पद पर अमित डंगवाल को 595, अमित वर्मा को 497 और अनिल सिंह बिष्ट को 366 मत मिले।
ऑडिटर पद पर अल्पना जदली को सर्वाधिक 703, प्रतिभा जयसवाल को 556, वर्तिका त्रिपाठी को 224 वोट मिले। जबकि 459 मत अमान्य रहे। इसी तरह लाइब्रेरियन पद पर ललित भंडारी को 680, आरएस भारती को 530, सुभाष परमार को 463 वोट मिले। 464 मत अमान्य रहे।
कार्यकारिणी सदस्य के लिए अरुण खन्ना को 1159, संदीप कुमार को 487, संजय कुमार को 445, अनिल कुमार को 615, अनुज सोनकर को 599, दीपक कुमार को 522, अनुज शर्मा को 880, मंगल सिंह रावत को 522, मधु ठाकुर को 458, पंकज भंडारी को 820, सुमनलता सरीन को 677 और रामसूरत ठाकुर को 377 वोट मिले।
मुख्य चुनाव अधिकारी एलबी गुरुंग ने बताया कि उपाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य (महिला) का परिणाम घोषित नहीं किया जा सका है। बैलेट पेपर का बॉक्स सील कर दिया गया है। दोनों पदों का परिणाम घोषित करने की जिम्मेदारी नई कार्यकारिणी को सौंपी गई है। इसके लिए कार्यकारिणी हाउस और बैठक या दोबारा मतगणना का सहारा ले सकती है। इस संबंध में शाम को नई कार्यकारिणी ने बैठक भी की, लेकिन कोई निर्णय नहीं निकला।

LEAVE A REPLY