Share

एजेंसी न्यूज
नई दिल्ली। निर्भया मामले में दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत ने गुरुवार को दोषियों को फांसी देने के लिए नया डेथ वारंट जारी करने की अर्जी पर सुनवाई सोमवार दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। दिल्ली सरकार और निर्भया के माता-पिता की अर्जी पर की जा रही सुनवाई में कोर्ट ने एक दोषी पवन गुप्ता के लिए एक वकील रवि काजी को नियुक्त कर दिया। कोर्ट ने यह भी कहा कि कानूनी सहायता महज दिखावा के लिए नहीं हो सकती। चारों दोषियों में से सिर्फ पवन के पास ही सुधारात्मक और दया याचिका का विकल्प है।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र राणा ने कहा, मैं समझता हूं कि पवन के कानूनी वकील को भी थोड़ा समय मिलना चाहिए ताकि वह मुवक्किल का प्रभावी प्रतिनिधित्व कर सकें। ताकि दोषी को कानूनी सहायता महज दिखावा या सतही कार्रवाई जैसी नहीं लगे। कोर्ट ने पवन को वकील देने का यह फैसला तब किया, जब उसने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से कानूनी सहायता देने का प्रस्ताव ठुकरा दिया था। कोर्ट ने बुधवार को ही प्रक्रिया में देरी पर भड़कते हुए पवन को एक वकील देने का प्रस्ताव दिया था।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *