अमेजन कंपनी के स्टोर से हुई लाखों की चोरी में फरार चार आरोपित भी गिरफ्तार

185
Share

हरिद्वार। अमेजन कंपनी के स्टोर से 12 लाख रुपये की चोरी में गिरफ्तार मास्टरमाइंड के भाई समेत फरार चल रहे चारों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से 51 हजार रुपये की नगदी भी बरामद कर ली गई है।
दरअसल, कनखल के जगजीतपुर इलाके में अमेजन कंपनी के स्टोर से 26 जनवरी की रात ताले काटकर करीब 12 लाख रुपये की नगदी चोरी कर ली गई थी। चोर स्टोर से एक मोबाइल और सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी ले गए थे। इस घटना के बाद एसएसपी ने कनखल थानाध्यक्ष हरिओम चैहान को लाइन हाजिर कर दिया था। अगले ही दिन पुलिस टीम ने चोरी के मास्टरमाइंड और अमेजन के ही कर्मचारी समीर शेख को 7.69 लाख रुपये की नगदी और मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर लिया था, लेकिन समीर के चार साथी फरार चल रहे थे। पुलिस ने उनकी धरपकड़ के लिए जाल बिछा दिया। आखिरकार चारों आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ गए। कनखल थानाध्यक्ष विकास भारद्वाज ने बताया कि जेल भेजे गए मास्टरमाइंड समीर के भाई शाहबाज निवासी सुभाषनगर ज्वालापुर, अमजद निवासी अमरोहा उत्तर प्रदेश, मोनू निवासी बाजपुर नजीबाबाद और विकास निवासी स्यौहारा बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया है।

LEAVE A REPLY