Share

एजेंसीं न्यूज
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के विरोध में गुरुवार को जामिया से राजघाट तक निकाले जा रहे पैदल मार्च के दौरान पुलिस की मौजूदगी में ही एक लड़के ने तमंचा निकालकर छात्रों पर गोली चला दी। गोली जामिया से मास कम्युनिकेशन कर रहे छात्र शाहदाब फारुक के हाथ में जा लगी।
गोली चलाने के बाद आरोपी लड़का तमंचा लहराते पीछे हटता हुआ पुलिस की ओर पहुंच गया। चंद कदमों की दूरी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी लड़के को मौके पर ही दबोच लिया। लड़के को ग्रेटर कैलाश थाने लाकर उससे पूछताछ जारी है। दूसरी ओर घायल छात्र शाहदाब को पास के होली फैमिली अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एम्स ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद से जामिया मिल्लिया में तनाव का माहौल है। पुलिस ने होली फैमिली अस्पताल के सामने बेरीकेड लगाकर छात्रों को रोका हुआ था। छात्र राजघाट जाने की जिद पर अड़े थे। हालात को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया हुआ था। जानकारी के अनुसार जामिया कॉर्डिनेशन कमेटी (सीएए और एनआरसी का विरोध कर रहे छात्र) की ओर से बापू की पुण्यतिथि पर गुरुवार दोपहर 12.00 बजे एक पैदल मार्च का आह्वान किया गया था। इसमें जामिया, एएमयू, जेएनयू, डीयू और कई छात्र संगठन शामिल थे। दोपहर करीब 12 बजे जामिया के गेट नंबर-7 पर भारी संख्या में छात्र जुटने लगे। दोपहर करीब 12.55 बजे भारी संख्या में छात्रों ने राजघाट कूच करना शुरू किया।
हालांकि पुलिस ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर मार्ग पर होली फैमिली अस्पताल के सामने बेरीकेड लगाकर छात्रों को रोकने की योजना बनाई हुई थी। छात्र कुछ दूर ही चले थे कि उसी दौरान छात्रों के बीच से ही निकले लड़के ने तमंचा निकालकर लहराना शुरू कर दिया। आरोपी ने छात्रों की तरह तमंचा तान दिया और वह कहने लगा मैं देता हैं तुम्हे आजादी, यह लो तुम्हारी आजादी, यह कहकर आरोपी लड़के ने गोली चला दी। वारदात वहां मौजूद टीवी चैनल के कैमरों और छात्रों के मोबाइल में कैद हुई। बाद आरोपी खुद ही पीछे हटता हुआ पुलिस के पास पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी को तमंचे समेत दबोच लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *