हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोरी कुछ समय पहले तक सिडकुल की कंपनी में काम करने जाती थी। उसी दौरान पथरी थानाक्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव निवासी शाहवेज मलिक से उसकी जान-पहचान हो गई। आरोप है कि युवक उसे बहला-फुसला कर कई बार अपने साथ अलग-अलग जगहों पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। दो दिन पहले पेट में तेज दर्द होने पर परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने किशोरी के पांच माह की गर्भवती होने की जानकारी दी तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। पूछने पर किशोरी ने इब्राहिमपुर निवासी युवक का नाम बताया।
बुधवार को किशोरी के परिजन उसे साथ लेकर ज्वालापुर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरा मामला बताया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शाहवेज मलिक निवासी गांव इब्राहिमपुर थाना पथरी हरिद्वार के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशोरी का पिता मजदूर है। जबकि आरोपित युवक घरों में पीओपी बनाने का काम करता है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी योगेश सिंह देव ने बताया कि दस्तावेजों के अनुसार पीड़िता नाबालिग है। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











