Share

एजेंसी न्यूज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एक झटके में 25 हजार होमगार्ड बेरोजगार हो गए हैं। पुलिस विभाग ने बजट का हवाला देते हुए 25 हजार होमगार्ड जवानों की ड्यूटी समाप्त करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में एडीजी पुलिस मुख्यालय, प्रयागराज बीपी जोगदंड ने आदेश जारी कर दिया है। थानों में पुलिस बल की कमी की वजह से पिछले दिनों होमगार्ड जवानों को कानून व्यवस्था की ड्यूटी में लगाने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए होमगार्ड विभाग ने 25 हजार जवानों को पुलिस ड्यूटी के लिए दिया था, जो थानों से लेकर चैराहों पर ट्रैफिक तक संभाल रहे हैं।
आदेश में कहा गया है कि कानून व्यवस्था की दृष्टिगत पुलिस विभाग में रिक्ति के सापेक्ष 25000 होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई थी। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 28 अगस्त को हुई बैठक में इस ड्यूटी को समाप्त करने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय प्रयागराज की ओर से आदेश जारी कर होमगार्ड की तैनाती तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।
पुलिस के सिपाही के बराबर होमगार्ड को वेतन दिए जाने के न्यायालय के निर्देश के बाद प्रदेश में होमगार्ड का एक दिन का भत्ता 500 रुपये से बढ़कर 672 रुपये हो गया था। इसका सीधा प्रभाव जिलों के बजट पर पड़ रहा था। इसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। बता दें, प्रदेश में होमगार्ड के कुल स्वीकृत पद एक लाख 18 हजार हैं। इसमें से खाली पदों की संख्या 19 हजार है। अभी तक शेष 99 हजार में से 92 हजार होमगार्ड को महीने में कम से कम 25 दिनों की ड्यूटी दी जा रही थी। लेकिन होमगार्ड के लिए बजट न होने के कारण पुलिस महकमे में लिए गए 25 हजार होमगार्ड की सेवाएं समाप्त कर दी गईं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *